भिलाई | 17 अगस्त 2026। जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे सात महिलाओं के एक समूह को चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी सात महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, जयंती स्टेडियम में 17 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन हो रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस द्वारा कथा स्थल पर लगातार निगरानी की जा रही है।
17 अगस्त को कथा पंडाल में सात महिलाओं के समूह की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने के बाद सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें थाना भिलाई नगर लाया गया। इसके बाद सभी के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी की गई।
अपराध की पुष्टि नहीं…
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है। महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम और कथा स्थल पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। किसी भी सामग्री की जब्ती नहीं की गई।
इन 7 महिलाओं पर हुई कार्रवाई…
पुलिस के अनुसार कार्रवाई रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22), गीता देवी (37), संगीता (25) और नैना (20) के विरुद्ध की गई। इनमें कुछ महिलाएं रीवा, मध्य प्रदेश और कुछ गोरखपुर, उत्तर प्रदेश की निवासी बताई गई हैं।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील…
दुर्ग पुलिस ने शिवमहापुराण कथा में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं। मोबाइल, नगदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखने के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों और सामान पर विशेष ध्यान देने कहा गया है। पुलिस ने किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।