LOGIN / REGISTER
Wednesday, September 23, 2026
Home » रायपुर में टली करोड़ों की डकैती! कल्याण ज्वेलर्स लूटने की साजिश नाकाम, 3 गिरफ्तार

रायपुर में टली करोड़ों की डकैती! कल्याण ज्वेलर्स लूटने की साजिश नाकाम, 3 गिरफ्तार

by wiew chhattisgarh

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस की प्रोएक्टिव कार्रवाई से एक बड़ी डकैती की वारदात टल गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और ₹2,500 नकद बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती की योजना बना रहे थे।

 

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने घटना से पहले ज्वेलर्स की रेकी की थी। पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को एक आरोपी ने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के क्षेत्र और वारदात को अंजाम देने की संभावनाओं का निरीक्षण किया था। फरार आरोपी लगातार मोबाइल के जरिए रेकी की तस्वीरें साझा कर योजना को अंतिम रूप दे रहे थे।

 

इस मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

 

 

गिरफ्तार आरोपी…

 

  1. देवांश शर्मा (19 वर्ष), निवासी सागरपुर, नई दिल्ली।
  2. – सुशांत कुमार पासवान (19 वर्ष), निवासी नजफगढ़, नई दिल्ली।
  3. – मयंक सिंह (19 वर्ष), निवासी सिकंदरपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार।

 

पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही आरोपियों के आपसी संपर्क, हथियारों की व्यवस्था और डकैती की पूरी साजिश से जुड़े तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

 

रायपुर पुलिस ने कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी डकैती की वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया गया।

You may also like